ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
परिजनों से बिछड़ी छह वर्षीय एक मासूम रविवार को घाट रोड पर भटकते हुए ऑपरेशन स्माइल की टीम को मिली है। मासूम ने अपना नाम रितिका सेमवाल और पिता का नाम संजय सेमवाल बताया है, लेकिन घर का पता नहीं बता पा रही है। फिलहाल रितिका को कोतवाली में महिला पुलिसकर्मी की निगरानी में रखा गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक रविवार को शहर में ऑपरेशन स्माइल की टीम के सदस्य लापता बच्चों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान घाट रोड पर एक छह वर्षीय बच्ची लावारिश हालत में घूमते हुए मिली। पूछताछ में उसने अपना नाम रितिका सेमवाल और पिता का नाम संजय सेमवाल बताया। रितिका अपने घर का पता नहीं बता पा रही है। ऑपरेशन स्माइल टीम के प्रभारी रियाज अहमद ने बताया कि रितिका मॉर्डन स्कूल में यूकेजी में पढ़ती है। परिजनों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है।