ब्यूरो/विकासनगर।
हरबर्टपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लॉकर में रखे सवा दो लाख रुपये गायब हो गए। मामले में मकान स्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है।
तहरीर में अंकुर चौरसिया पुत्र राजकुमार चौरसिया निवासी वार्ड-7 निकट शिव मंदिर ने कहा कि रविवार को वह और उसके पिता घर पर अकेले थे। दोपहर में खाना खाने के बाद उसके पिता को नींद आ गई। वह भी दुकान चला गया। जहां थकान महसूस होने पर वह भी घर आकर सो गया। अगले दिन सुबह सोकर उठने के बाद जब उन्होंने लॉकर खोला तो सवा दो लाख रुपये की नकदी गायब थी। यह देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोप लगाया कि पिता-पुत्र के खाने में किसी ने नशीला पदार्थ मिलाया हुआ था। जिसे खाकर दोनों को उन्हें गहरी नींद आ गई। उन्होंने बताया कि पिता अब भी बेहोशी की हालत में है जो कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं है। प्रभारी चौकी प्रभारी मनोज भट्ट ने कहा कि मामला संदिग्ध है। घर से सिर्फ नकदी चोरी हुई है जबकि, घर में रखी ज्वलेरी और अन्य सारा सामान सुव्यवस्थित है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।