ब्यूरो/ऋषिकेश। मुनिकीरेती स्थित शीशमझाड़ी में एक महिला को झाडू़ लगाते हुए देखने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिनमें से चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार दबिश देने में जुटी है। कैलासगेट चौकी पुलिस के मुताबिक बीते बुधवार को शीशमझाड़ी निवासी अभिमन्यु के सामने रहने वाले उपेंद्र मिश्रा के किराएदारों से पत्नी को झाड़ू लगाते हुए देखने पर विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें अभिमन्यु के परिवार के सदस्य व उपेंद्र मिश्रा जख्मी हो गए थे। पुलिस ने उपेंद्र मिश्रा और अभिमन्यु की तहरीर पर संबंधित धाराओं में नामजद क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की थी।
चौकी प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शनिवार को एक पक्ष के आरोपी उपेंद्र मिश्रा पुत्र उदयभान, उसके किराएदार प्रेम सागर पुत्र उद्धव पासवान और प्रेमचंद दोनों मूल निवासी गरम राजपुर, थाना डंडारी, जिला बेगूसराय, बिहार जबकि दूसरे पक्ष से राम खिलावन पुत्र रामजियावन निवासी शीशमझाड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार उपेंद्र मिश्रा का बेटा राकेश, भाई झुन्नू समेत परिवार की एक महिला फरार हैं। मामले में दूसरे पक्ष से राम खिलावन का पुत्र अभिमन्यु, सूरज, मनोज और परिवार की दो महिलाएं वांछित हैं। बताया कि फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।