डीजे बंद कराने गए पुलिस कर्मियों को पीटा
-- दूल्हे समेत सात के खिलाफ मुकदमा, छह गिरफ्तार
-- गुमानीवाला में रिसेप्शन पार्टी में देर रात चल रहा था डीजे
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
गुमानीवाला में रविवार रात रिसेप्शन पार्टी में डीजे बजाना एक परिवार को महंगा पड़ गया है। दूल्हे और उसके रिश्तेदारों ने डीजे बंद करवाने गई पुलिस से मारपीट कर दी। कोतवाली पुलिस ने दूल्हे समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें से छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूल्हा रिसेप्शन पार्टी की रात से ही फरार है। इस मामले में पांच महिलाओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक गुमानीवाला स्थित गली नंबर-28 निवासी कृष्णपाल के बेटे की शादी के बाद रविवार शाम रिसेप्शन पार्टी थी। परिवार ने समारोह में डीजे की व्यवस्था भी की थी। देर रात तक डीजे बजाने पर स्थानीय लोगों ने करीब सवा 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत कर दी। इस पर दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें डीजे बंद करने लिए कहा। जिस पर आयोजक मान गए और डीजे बंद कर दिया। पुलिसकर्मियों के जाते ही उन्होंने फिर से डीजे बजाना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी धर्मवीर और विकास पौने 12 बजे फिर से डीजे बंद कराने के लिए गली में पहुंचे तो दूल्हे के साथ उसके परिजनों व अन्य लोगों ने उनसे मारपीट कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों की बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि दूल्हे समेत सात नामजद और पांच अज्ञात महिलाओं के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने, वाहन को क्षति पहुंचाने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूल्हा अभी फरार है।
इन लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिसकर्मियों से मारपीट पर कांस्टेबल धर्मवीर की तहरीर पर दूल्हा संदीप, उसके पिता कृष्णपाल, भाई अमरदीप, पड़ोसी राजीव तिवारी और मनोज थापा निवासी गुमानीवाला, रिश्तेदार अजय प्रताप निवासी जगजीतपुर, हरिद्वार और मुकेश चौहान निवासी श्यामपुर कांगड़ी और पांच अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।