ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। पुलिस प्रशासन ने गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को देखते हुए केंद्रीय संस्थानों और सीमाओं की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने आयोजन स्थल परेड ग्राउंड में रिहर्सल का जायजा लिया और पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके तहत होटल, ढाबों, लॉज और शहर के प्रवेश स्थानों पर सघन चेकिंग शुरू कर दी है।
रात नौ बजे से पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी में भी संदिग्धों की चेकिंग की। साथ ही बसों, ट्रेनों में भी श्वान दल के साथ चेकिंग अभियान चलाया। विकासनगर, सहारनपुर और हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान सीओ सिटी शेखर सुयाल, सीओ सदर पंकज गैरोला, सीओ डालनवाला जया बलोनी आदि अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने अभिसूचना इकाई को शहर के सभी कार्यक्रमों का ब्योरा रखने, अधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों के आवागमन की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा जहां कार्यक्रमों में ज्यादा भीड़ रहेगी वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय संस्थानों के आसपास खुफिया नजर रखने के भी निर्देश दिए।