ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। ब्लैकमेलिंग के आरोपी चैनल के सीईओ उमेश कुमार शर्मा को पुलिस ने सात घंटे रिमांड पर लिया, लेकिन न उसके घर से कुछ बरामद हुआ और न पूछताछ के दौरान उससे कुछ जानकारी हासिल हुई। इसके बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम करीब 4.45 बजे आरोपी को सुद्धोवाला जेल भेज दिया। आज शुक्रवार को उमेश की जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10.20 बजे मेडिकल कराने के बाद उमेश को लेकर पुलिस राजपुर थाने पहुंची। यहां उससे करीब दो घंटे पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने उससे स्टिंग और वीडियो-आडियो की रिकार्डिंग में मांगी गई रकम आदि के बारे में पूछताछ की। इसके अलावा उससे विभिन्न लैपटॉप व अन्य डिवाइस के पॉसवर्ड भी पूछे गए। लेकिन, उमेश ने पुलिस के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे पुलिस उसे लेकर मसूरी रोड स्थित उसके आवास पर पहुंची। यहां पुलिस ने उमेश के अधिवक्ता को भी घर से 50 मीटर दूर खड़ा किया। फिर बेडरूम, ड्राइंग रूम और स्टडी रूम की तलाशी ली। सर्चिंग के लिए पुलिस अपने साथ एसटीएफ की टीम भी लेकर पहुंची थी। माना जा रहा था कि उमेश के इस घर से इलेक्ट्रोनिक डिवाइस आदि मिल सकती है, लेकिन करीब तीन घंटे की सर्चिंग के बाद पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। एसओ राजपुर अरविंद कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान उमेश के घर से कुछ नहीं मिला है। उसके बाद उसे सुद्धोवाला जेल भेज दिया गया।
करीब एक घंटे बाद आई मकान की चाबी
पुलिस उमेश को करीब एक बजे लेकर उसके घर पहुंच गई थी। घर पर कोई कर्मचारी या सदस्य मौजूद नहीं था। मेन गेट पर ताला लगा होने के कारण लगभग एक घंटे तक पुलिस को बाहर खड़ा रहना पड़ा। इसके बाद लगभग दो बजे उमेश का एक कर्मचारी चाबी लेकर पहुंचा तो पुलिस ने अंदर जाकर तलाशी ली।
गाजियाबाद में भी मौजूद रही पुलिस
पुलिस को उम्मीद थी कि उमेश पूछताछ में उन्हें कुछ बताएगा। यदि उसने गाजियाबाद स्थित मकान में किसी चीज के बारे में बताया तो इसके लिए पुलिस ने एक टीम को गाजियाबाद भी भेजा हुआ था। सूत्रों की मानें तो पूछताछ में पुलिस ने उमेश को कोई ऐसी जानकारी नहीं दी जो पुलिस के इस रिमांड मांगे जाने के संबंध में हो।
आज दोबारा दे सकते हैं प्रार्थनापत्र
पुलिस कस्टडी रिमांड होने के बाद पुलिस अधिकारियों में रिमांड के समय को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों ने जांच में जुटे कर्मचारियों के साथ मीटिंग भी की। माना जा रहा है कि पुलिस शुक्रवार को फिर से उमेश की कस्टडी रिमांड लेने के लिए न्यायालय में प्रार्थनापत्र दे सकती है।