सौंग नदी के पुल पर कार में लगी आग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। एयरपोर्ट से लौट रही एक टैक्सी में थानो रोड पर आग लग गई। टैक्सी चालक और उसमें बैठी दो सवारियों ने तुरंत बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक पटेलनगर निवासी सुरेश बृहस्पतिवार सुबह अपनी कार से एयरपोर्ट पर सवारियां लेने गया था। वहां से वह करीब आठ बजे दो सवारियों को लेकर देहरादून आ रहा था। रास्ते में सौंग नदी के पुल पर पहुंचने उसकी कार से कुछ जलने की दुर्गंध आने लगी। उसने तुरंत कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। जैसे ही चालक समेत तीनों लोग कार से उतरे तभी जोरदार धमाके के साथ कार में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी कार ने आग पकड़ ली।
सुरेश ने घटना की सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी। करीब 15 मिनट बाद वहां पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची और आग बुझानी शुरू की। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। एसओ रायपुर हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित हैं। आग लगने का कारण एसी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। आग से पूरी कार चल चुकी है।