फर्जी दस्तावेज बनाकर 40 लाख का लोन लिया
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की संपत्ति के फर्जी दस्तावेज बनाकर बैंक से 40 लाख रुपये का लोन ले लिया। जब लोन की किश्त नहीं मिली तो बैंक प्रबंधन ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। जिस पर शहर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिछले साल अरबन कोऑपरेटिव बैंक से रमेश नाथ कांबोज, जय कुमार कांबोज, रवि कांबोज और महिमा कांबोज ने संयुक्त रूप से 40 लाख रुपये का लोन लिया था। इसके लिए उन्होंने नेशविला रोड स्थित एक मकान को बैंक में बंधक रखा था। लोन लेने के बाद उन्होंने सिर्फ एक किश्त अदा की थी। इसके बाद जब लोन की अगली किश्त नहीं आई तो बैंक ने प्रॉपर्टी के पते पर नोटिस भेजने शुरू किए। इस पर पता चला कि जिस पते पर नोटिस गए हैं वह पता उक्त चारों का नहीं बल्कि किसी और का है। मामला खुला तो पता चला कि चारों ने इस प्रॉपर्टी के फर्जी दस्तावेज बनवाकर बैंक से लोन लिया था।
धारा चौकी प्रभारी कुलदीप पंत ने बताया कि बैंक के कनिष्ठ प्रबंधक चंचल कुमार की तहरीर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में असली दस्तावेजों को मंगवाकर जांच शुरू कर दी गई है।