दिनदहाड़े कार से लैपटॉप ले उड़ा ठग
-- श्यामपुर चौकी क्षेत्र में गुमानीवाला रेलवे फाटक पर हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। श्यामपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत गुमानीवाला में रेलवे फाटक के पास दिनदहाड़े एक होटल व्यवसायी को झांसा देकर अज्ञात युवक ने कार से लैपटॉप साफ कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, पुलिस ने ठग की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक होटल व्यवसायी गढ़ी रोड, श्यामपुर निवासी सुरेंद्र दत्त जोशी गुमानीवाला में हरिद्वार बाईपास रोड स्थित रेलवे फाटक पर किसी काम से रुके थे। दोपहर 12 बजे उनके पास अज्ञात युवक आया और कार से पैट्रोल लीक होने की बात कही।
सुरेंद्र के कार से उतरते ही युवक कार में रखा लैपटॉप लेकर चंपत हो गया। काफी दूर तक पीछा करने पर भी वह हाथ नहीं आया, जिसके बाद उन्होंने श्यामपुर चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात ठग की तलाश शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ठग की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के प्रतिष्ठानों की सीसीटीवी फुटेज भी युवक की पहचान के लिए खंगाली जा रही हैं।