ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
राज्य आपदा प्रबंधन बल की ओर से लंढौर स्थित सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज में आपदा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को भूकंप, भूस्खलन आदि आपदा के दौरान प्राथमिक उपचार तथा सीमित संसाधनों में राहत एवं बचाव के गुर सिखाए गए।
एसडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट अजय भट्ट और अन्य प्रशिक्षकों ने छात्राओं को एयर लिफ्टिंग डिवाइस, रोटरी हैमर ड्रिल, रेसीप्रोकेटिंग साव, चिपिंग हैमर, एंगल कट्टर, चेन साव आदि आपदा संबंधी आधुनिक उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपदा के लिहाज से बेहद संवेदनशील जोन में आता है। लिहाजा स्कूल, गांवों में लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क करना जरूरी है। इस मौके पर रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष शरद गुप्ता, रिटायर डीआईजी मनोरंजन त्रिपाठी, कॉलेज की प्रिंसिपल रश्मि कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।