श्रीनगर। लाटरी के नाम पर शहर के व्यापारियों से लाखों की धोखाधड़ी करने के आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस दौरान कोतवाली में व्यापारियों की भीड़ लगी रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अभी पूछताछ की जा रही है।
पिछले अगस्त माह में जाकिर नाम के व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। उक्त व्यक्ति शहर में लाटरी के नाम पर शहर के व्यापारियों से 50 लाख से अधिक की धनराशि एकत्र कर फरार हो गया था। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने जाकिर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा जाकिर को हिरासत में लेने की सूचना पर बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंचे, जहां सभी ने उनसे ली गई धनराशि के बारे में पुलिस को बताया। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया जाकिर से उसके द्वारा किए गए लेन-देन के बारे में पूछताछ की जा रही है। साथ ही पीड़ित व्यापारियों से भी पुष्टि कराई जा रही है। बिष्ट ने बताया कि जाकिर के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज है। पूछताछ के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।