कोर्ट के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा
-- पूर्व प्रधान की दुकान में सामान और कागजात ले जाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। स्वर्गाश्रम जौंक में पूर्व प्रधान की दुकान से तीन माह पहले बंदूकों और लाठी डंडों के साथ ताला तोड़कर कीमती सामान और कागजात ले जाने के मामले में थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक ही परिवार के छह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अब मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। लक्ष्मणझूला थाना पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, पौड़ी के आदेश पर आत्माराम गनेरीवाला उनके बेटे कन्हैया गनेरीवाल, मधुसूदन गनेरीवाला, दीपक गनेरीवाल व विनोद गनेरीवाला और उनके पुत्र आनंद गनेरीवाला सभी निवासी आवास-विकास कॉलोनी, ऋषिकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया कि स्वर्गाश्रम में भारत साधु समाज आश्रम की 15 नंबर दुकान पूर्व प्रधान मनोज राजपूत पुत्र शेर सिंह राजपूत निवासी नई धर्मशाला, स्वर्गाश्रम की है। मनोज राजपूत का आरोप है कि बीती सात अगस्त को आरोपी उनकी दुकान में लाठी-डंडों और बंदूकों से लैस होकर घुस आए और दुकान से कीमती सामान और कागजात ले गए। थानाध्यक्ष प्रदीण राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।