अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
शिवमूर्ति चौक गली के एक होटल में हुई ऊर्जा निगम के संविदाकर्मी नितिन शर्मा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवक के पिता ने अपनी ही पुत्रवधू पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। घटना 13 जुलाई को घटी थी।
अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी के साथ होटल में रह रहे संविदाकर्मी की हाथ की नस कटने पर अधिक खून का रिसाव होने से मौत हो गई थी। पूछताछ में पत्नी ने बताया था कि उसका अपने पति से विवाद हुआ था। तब गुस्से में आकर पति ने खिड़की में घूंसा मारा था और शीशे से हाथ की नसें कटने से पति की मौत हुई थी।
पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद आठ माह की गर्भवती पत्नी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। इधर, अब ऊर्जा निगम में ही तैनात मृतक के पिता राजकुमार निवासी देवपुरा ने अपनी पुत्रवधू मनीषा ठाकुर निवासी नई बस्ती ऋषिकेश और उसके अज्ञात साथियों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
एसएसआई केदार सिंह चौहान ने बताया कि मृतका ने अपने पति पर शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद युवक ने विधिवत शादी कर ली थी। परिजन की नाराजगी के चलते ही युवक अलग रह रहा था। बताया कि मामले की जांच कर रहे है।