प्रशासन और ड्रग्स विभाग का मेडिकल स्टोरों पर छापा
नशीली एवं बिना बिल दवा मिलने पर हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर/सुल्तानपुर।
उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में ड्रग्स इंस्पेक्टर ने लक्सर एवं सुल्तानपुर के मेडिकल स्टोर पर छापेमारे। इस दौरान प्रतिबंधित दवाई के साथ एक्सपायरी दवाएं भी मिलीं। जिस पर ड्रग्स इंस्पेक्टर ने एक मेडिकल स्टोर के निलंबन की संस्तुति करने के साथ ही एक मेडिकल स्टोर पर दवा की बिक्री पर रोक लगाई।
पिछले काफी दिनों से लक्सर के उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र को लक्सर एवं सुल्तानपुर में नशीली दवाइयों के बिकने की शिकायत मिल रही थी। जिसके चलते बुधवार को ड्रग्स इंस्पेक्टर नीरज को जांच के लिए बुलाया गया। जिसके बाद उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, चिकित्सा अधीक्षक डा. अनिल वर्मा एवं ड्रग्स इंस्पेक्टर नीरज कुमार लक्सर कस्बे में जांच के लिए निकले। इस दौरान आईएस एवं ज्ञानदीप पर छापे मारे । इन से प्रतिबंधित दंवाइयों के साथ बिना बिल के दवाइयां मिली। वहीं इसके बाद टीम सुल्तानपुर पहुंची। जहां पर टीम ने साबरी मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। यहां से टीम को एक्सपाइरी दवाइयों के साथ ही बिना बिल की दवा मिली। ड्रग्स इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि साबरी मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति सीएमओ से की गई है। वहीं आईएस मेडिकल स्टोर पर दवाई की खरीद एवं बिक्री पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा ज्ञानदीप को नोटिस देकर जबाव तलब किया गया है। जिसके जवाब देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापे की भनक लगते ही गिरने लगे शटर
टीम की छापेमारने की सूचना पर लक्सर और सुल्तानपुर में मेडिकल स्टोरों के शटर गिरते चले गए। जिसके चलते इन मेडिकल स्टोरों की ओर से मौके से भाग जाना कहीं न कहीं संदेह उत्पन्न करता है।
चर्चित मेडिकल स्टोरों पर नहीं हुई कार्रवाई
लक्सर में कई ऐसे मेडिकल स्टोर है। जिनका नाम नशीली दवाई बेचने में सबसे ऊपर लिया जाता है। लेकिन इन मेडिकल स्टोरों में से एक पर भी टीम के लोग नहीं पहुंचे। यदि इन स्टोरों पर छापे की कार्रवाई होती तो यहां से एक बड़ी कामयाबी मिल सकती थी।