ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
क्लेमेंटटाउन स्थित आर्मी स्कूल से शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई छात्रा अपने घर लैंसडौन चली गई थी। रविवार को जब इस बात की सूचना पुलिस और हॉस्टल प्रबंधन को मिली तो राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में मन नहीं लगने की वजह से छात्रा घर चली गई थी।
गौरतलब है कि लैंसडौन निवासी सतीश गिरी ने अपनी 14 वर्षीय बेटी सृष्टि का दाखिला क्लेमेंटटाउन स्थित आर्मी स्कूल में कराया था। उन्होंने सृष्टि के रहने की व्यवस्था सहस्रधारा रोड स्थित वार मेमोरियल गर्ल्स एंड ब्वायज हॉस्टल में की थी। शनिवार सुबह सृष्टि 19 बच्चों के साथ सेना के वाहन से क्लेमेंटटाउन स्थित आर्मी स्कूल गई थी। इसके बाद सृष्टि फीस जमा करने के दौरान वॉशरूम जाने के बहाने स्कूल से निकल गई। इस मामले में हॉस्टल के प्रबंधक की ओर से क्लेमेंटटाउन थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था। एसओ क्लेमेंटटाउन दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि रविवार सुबह सृष्टि के घर से हॉस्टल में फोन आया था कि वह लैंसडौन पहुंच गई है। सोमवार को न्यायालय के समक्ष सृष्टि के बयान कराए जाएंगे।