एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर युवती से लगभग 20 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। युवती ने एक विज्ञापन देखकर कुछ युवकों से संपर्क किया था। उन्होंने कई औपचारिकताएं पूरी करने के नाम पर रुपये ठगे और फोन पर इंटरव्यू भी लिया। इसके बाद जब संपर्क नहीं हुआ तो युवती ने मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार अहिल्या वशिष्ठ निवासी डीएल रोड पोस्ट ग्रेजुएट है। वह काफी समय से नौकरी की तलाश में जुटी हुई है। गत अगस्त में युवती ने इंटरनेट पर नौकरी संबंधी विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सीनियर एग्जीक्यूटिव की नौकरी लगवाने की बात कही गई थी। उसने विज्ञापन में लिखे फोन नंबरों पर संपर्क किया तो वहां एक राहुल नाम के युवक से बात हुई। राहुल ने कहा कि शुरुआत में नौकरी लगवाने के लिए 13500 रुपये देने होंगे। युवती ने उसकी बातों में आकर यह रकम राहुल के खाते में जमा करा दी। इसके कुछ दिन बाद राहुल ने उसका फोन पर ही इंटरव्यू लिया और कहा कि उसे अभी पांच हजार रुपये और देने होंगे। इस पर अहिल्या ने पांच हजार रुपये भी उसके खाते में जमा करा दिए। राहुल ने कहा कि कुछ दिन में कॉल लेटर घर पहुंच जाएगा। एक महीना बीतने पर जब कोई कॉल लेटर नहीं आया तो उसने उस फोन नंबर पर संपर्क किया लेकिन वह नंबर बंद बताया गया। उसने काफी दिनों तक प्रयास किया लेकिन कोई संपर्क नहीं हुआ। डालनवाला कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि अहिल्या की शिकायत पर अज्ञात में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।