हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड पर नाला निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी को खुर्द बुर्द करने के मामले की जांच आज तक नहीं की गई है। आरटीआई कार्यकर्ता ने जिला और स्थानीय प्रशासन पर मामले में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
आरटीआई कार्यकर्ता हेमंत गोनिया का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देश पर सिंचाई विभाग ने कालाढूंगी रोड पर नाले का निर्माण कराया। नाला निर्माण में करीब 1200 घनमीटर मिट्टी निकली। इस मिट्टी को सिंचाई विभाग ने खुर्द बुर्द कर दिया। मामले में सिंचाई विभाग से जानकारी मांगी तो विभाग को यह भी पता नहीं था मिट्टी कहां गई। ठेकेदार ने मिट्टी किसे बेची, इसकी जानकारी सिंचाई विभाग के पास नहीं है। आरटीआई में राज्यपाल और मुख्यमंत्री से शिकायत की गई। मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जिलाधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मामले की जांच एसडीएम को सौंपे जाने की बात कह रहे हैं। एसडीएम ने डीएम से कोई पत्र नहीं मिलने की बात कही है। गौनिया ने मामले की जांच नहीं होने पर अनशन की चेतावनी दी है।
कालाढूंगी रोड पर नाला निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी की जांच के संबंध में डीएम से कोई पत्र नहीं मिला है। आरटीआई कार्यकर्ता के पास डीएम के पत्र की प्रति हो तो वह दिखा दें, ताकि जांच की जा सके। मामले में डीएम का पत्र मिलेगा तो जांच कराई जाएगी।
- एपी वाजपेयी, एसडीएम।