विकासनगर। अवैध खनन और उपखनिज परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने सोमवार को पछवादून क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ कार्रवाई की। बिना रवन्ना प्रपत्र के उपखनिज का परिवहन करते पकड़े गए वाहनों पर करीब 4.5 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं एक खनन पट्टे में अनियमितता मिलने पर उसका ई-रवन्ना पोर्टल भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
जिला खान अधिकारी ऐश्वर्या शाह के निर्देश पर सहायक खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद ने विकासनगर तहसील क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान ठाकुरपुर और ढकरानी क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन सामने आया, जिस पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई की। सहायक खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद ने कहा कि अवैध खनन और बिना वैध दस्तावेजों के उपखनिज परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।