नेपाल को दोबारा हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मुहिम चला रहे नेपाल हिंदू राष्ट्र पुन: स्थापना मंच के संस्थापक अध्यक्ष इंजीनियर बिष्णु प्रसाद बराल ने भारत के संत समाज और आम हिंदू जनमानस से समर्थन मांगा है। बृहस्पतिवार को मध्य हरिद्वार स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता के दौरान इंजीनियर बिष्णु प्रसाद बराल ने कहा कि प्राचीन काल से नेपाल को देवभूमि और हिंदू राष्ट्र के तौर पर जाना जाता है। धर्म निरपेक्ष राष्ट्र बनाए जाने के बाद नेपाल में धर्म परिवर्तन तेजी से बढ़ा है।
अब एक नए षड्यंत्र के तहत नेपाल की संसद में (मिलेनियम चैलेंज कारपोरेशन) एमसीसी बिल लाया जा रहा है। इसके पारित होने के बाद नेपाल क्रिश्चियन स्टेट के रूप में परिवर्तित हो जाएगा। उन्होंने बताया कि अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि सहित सभी तेरह अखाड़ों से वे संपर्क कर समर्थन की गुहार लगा चुके हैं। सभी अखाड़ों के श्रीमहंतों ने उन्हें समर्थन पत्र भी दिए हैं।
हिंदू रक्षा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि ने कहा कि सनातन संस्कृति को नष्ट करने के लिए चलाए जा रहे विश्वव्यापी षड्यंत्र के तहत नेपाल को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र घोषित किया गया है। नेपाल सरकार तत्काल सार्वजनिक रूप से देश को दोबारा हिंदू राष्ट्र घोषित करे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो जल्द हिंदू रक्षा सेना नेपाल कूच करेगी और बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। इस दौरान बल बहादुर, राम यादव, आरोही राणा आदि मौजूद रहे।