दिल्ली में फंसे यात्रियों को लेकर टनकपुर पहुंची कौशांबी डिपो की बस में सवार यात्रियों का यहां संयुक्त चिकित्सालय में स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। एसीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि बस में सवार 26 यात्री और चालक व परिचालक के स्वास्थ्य की जांच की गई। सभी यात्री स्वस्थ पाए गए। बस में खटीमा के चार, टनकपुर का एक, चंपावत के 12, लोहाघाट के पांच और पिथौरागढ़ के चार यात्री सवार थे।
जो गोवा, कर्नाटक, केरल से आकर दिल्ली में फंसे थे। बस में सवार टनकपुर का यात्री केरल से लौटा है, जिसे घर में क्वारंटीन रहने की हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द किया गया है। जबकि चंपावत, लोहाघाट और पिथौरागढ़ के यात्रियों को प्रशासन ने रोडवेज बस से गंतव्य को रवाना किया गया।
महिला को एतिहातन आइसोलेट किया गया है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है, इसके अलावा कोरोना संक्रमण जैसे कोई लक्षण अभी दिखाई नहीं दे रहे हैं। फिलहाल नमूना जांच के लिए भेजा गया है। आइसोलेशन में नियमित रूप से वह डाक्टरों की निगरानी पर हैं। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।
-डा. डीएस नेई, अधीक्षक राजकीय अस्पताल
चंपावत में कोरोना वायरस के खतरों के बीच चंपावत में पहला क्वारंटीन हुआ है। इन 19 यात्रियों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया है। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि परीक्षण में स्वस्थ पाए जाने के बावजूद एहतियातन इन यात्रियों को चंपावत के अलग-अलग होटलों में रखा गया है।
दिल्ली में फंसे रोडवेज की बस के जरिये पहाड़ के इन यात्रियों को शुक्रवार दोपहर यहां लाया गया। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक आरके जोशी ने बताया कि स्क्रीनिंग में सभी यात्रियों का तापक्रम सामान्य था। लेकिन एहतियातन इन सभी 19 यात्रियों को चंपावत के होटलों में 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले 5 अन्य लोगों को पिथौरागढ़ के लिए भेज दिया गया है। इन लोगों को पिथौरागढ़ में क्वारंटीन किया जाएगा।
केएमवीएन के सभी गेस्ट हाउस क्वारंटीन के लिए अधिग्रहित
अल्मोड़ा में कोरोना से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउसों (टीआरसी) को क्वारंटीन सेंटर बनाने के लिए अधिग्रहित कर लिया है। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि अल्मोड़ा, डीनापानी, बिनसर, रानीखेत, मोनाल, दन्या, दुधोली, जागेश्वर, रानीखेत, चिलियानौला में स्थित पर्यटक आवास गृहों में क्वारंटीन सेंटर बनाया जाएगा।
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। शुक्रवार को रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की गई और लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की। वन विभाग के रेंजर संजय पाण्डेय, कोतवाल रवि कुमार सैनी सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने रामनगर के फायर स्टेशन से ड्रोन को संचालित किया।
इस दौरान दोपहर एक बजे बाद अनावश्यक घूम रहे और छतों पर खेल रहे लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की। लखनपुर क्षेत्र में भी ड्रोन उड़ता देख लोग अपनी घरों की खिड़कियों से झांकते नजर आए। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि ड्रोन के माध्यम से नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी जा रही है। कोई भी व्यक्ति लॉकडाउन के दौरान बाहर नजर आया तो धारा 188 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।