मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड वापस आने वाले प्रवासी लोगों के लिए पंजीकरण की व्यवस्था का निर्देश भी जिलाधिकारियों को दिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए पिछली बार के पोर्टल को फिर से शुरू किया जाए। घर लौटने पर प्रवासियों के लिए होम क्वारंटीन अनिवार्य किया जाए। प्रदेश सरकार के मुताबिक अभी प्रवासियों के लौटने का सिलसिला शुरू नहीं हुआ है, लेकिन हालात सामान्य न होने पर यह स्थिति आ सकती है।
जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने का भी निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। धरातल पर काम करने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स का मनोबल बढ़ाया जाए। बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव अमित नेगी, नितेश झा, शैलेश बगोली, डॉ पंकज कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।