चमोली जिले के तीन विद्यालयों में एक-एक छात्र की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिलने पर विद्यालयों को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालय परिसर को सैनिटाइज करने के निर्देश दिए हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर, ग्वाड़ देवलधार और साबरीसैंण में छात्रों के सैंपल लिए गए थे। तीनों विद्यालयों में एक-एक छात्र की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। जिसके बाद विद्यालयों को बंद करवा दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) आशुतोष भंडारी ने बताया कि छात्रों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर विद्यालयों को तीन दिनों तक के लिए बंद कर दिया गया है। विद्यालय परिसर को पूरी तरह से सैनिटाइज करने के बाद ही विद्यालयों का संचालन शुरू किया जाएगा।