नई टिहरी के धनोल्टी तहसील में कार्यरत कोरोना संक्रमित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की मौत हो गई। वे 16 नवंबर से होम आइसोलेशन में थे। मृतक की बेटी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
जाखणीधार ब्लॉक के धारकोट गांव निवासी मेहर सिंह नेगी (56) धनोल्टी तहसील में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद कार्यरत थे। वर्तमान में वह नई टिहरी सी ब्लॉक टाइप थर्ड में रहते थे। सीएमओ डा. सुमन आर्य ने बताया स्वास्थ्य खराब होने पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने 16 नवंबर को कोरोना संक्रमण की जांच कराई थी, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
वह होम आइसोलेशन में थे। डॉक्टर हर दिन उनसे बात कर स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ले रहे थे। मंगलवार सुबह 9 बजे उनके घर से फोन आया कि उन्हें सास लेने में दिक्कत आ रही है।
टीम तुरंत ही घर पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक का कोटी कालोनी में कोविड नियमों के तहत अंतिम संस्कार किया गया। मृतक की बेटी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। फिलहाल उसे भी होम आइसोलेशन में रखा गया है।
पुलिस के लिए कोरोना काल में बनी गाइडलाइन के अनुसार महीने में दो बार कोतवाली और थाना स्टाफ का कोरोना टेस्ट अनिवार्य है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने सिविल लाइंस कोतवाली रुड़की पहुंचकर पूरे स्टाफ के कोरोना सैंपल लिए। इसके बाद टीम ने बीटीगंज बाजार में पहुंचकर दुकानदारों के भी सैंपल लिए।
पुलिसकर्मी लगातार कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। इसके चलते अधिकारियों की चिंता बढ़ रही है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों ने जिलेभर में सभी कोतवाली, थानों और पुलिस चौकी पर तैनात कर्मचारियों के लिए महीने में दो बार कोरोना टेस्ट कराना अनिवार्य किया था।
मंगलवार को सिविल लाइंस कोतवाली में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। यहां इंस्पेक्टर राजेश साह समेत पूरे स्टाफ का कोरोना टेस्ट हुआ, वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल के निर्देश पर बीटी गंज पहुंचकर कई दुकानदारों के कोरोना सैंपल लिए। जेएम नमामी बंसल ने बताया कि दुकानदारों का लगातार टेस्ट किया जाएगा। इसके लिए दुकानदारों से सहयोग की अपील की गई है।