मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सैंपल जांच और बढ़ाई जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरों में 24 घंटे और पहाड़ों में 48 घंटे के भीतर कोविड जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। त्योहारी सीजन के चलते आने वाले 15 दिन और सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी ने कहा कि इस सप्ताह प्रदेश में कोरोना के मामलों में वृद्धि हुई है। इसे नियंत्रित करने के लिए जिलाधिकारियों को और प्रयासों की जरूरत है। ट्रू नेट टेस्टिंग और बढ़ाई जाए। कोविड केयर सेंटर में रहने, खाने एवं स्वास्थ्य की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी रखी जाए।
पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग की ओर से कोविड से बचाव के लिए पैदल मार्च, पोस्टर, वॉल पेंटिंग एवं अन्य माध्यमों से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मास्क एवं सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।