कोरोना संक्रमण काल में मास्क न पहनने वालों के खिलाफ डीजीपी ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एक वेब मीटिंग के माध्यम से सभी जनपद प्रभारियों को कहा है कि संक्रमण की रोकथाम को केंद्र और प्रदेश सरकार की एसओपी का पालन कड़ाई से कराया जाए। उन्होंने त्योहारी सीजन में विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए।
मंगलवार को पुलिस मुख्यालय के सभागार में डीजीपी अनिल कुमार रतूड़ी ने अधिकारियों को बैठक और जनपद पुलिस के साथ वेब मीटिंग के जरिए दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला अपराध से संबंधित मामलों को दर्ज करने में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान डीजीपी ने कोरोना काल में विशेष सेवाएं और योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब तक 1519 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
वहीं, डीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने जानकारी दी कि अब तक 1381 पुलिसकर्मी स्वस्थ हो गए हैं। इनमें से 1242 अपनी ड्यूटी पर वापस लौट आए हैं।