सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी का कहना है कि त्योहारी सीजन और सर्दियां शुरू होने से कोरोना वायरस फिर से रफ्तार पकड़ सकता है। इसे देखते हुए मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन का प्रयोग जरूरी है।
सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी ने सचिवालय में उद्योग व व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में भीड़भाड़ बढ़ेगी। वहीं, सर्दियों के मौसम में कोरोना संक्रमण फिर से रफ्तार पकड़ सकता है।
इसके रोकथाम के लिए सभी को जारी एसओपी का पालन करना होगा। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आपसी सहयोग व तालमेल बेहद जरूरी है। कई देशों में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इससे दोबारा से लॉकडाउन करने की स्थिति पैदा हो रही है।
उन्होंने उद्योग व व्यापारी संगठनों से आग्रह किया कि वह सोशल डिस्टेंसिंग के लिए दुकानों के आगे गोले बनाएं। खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के लिए मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
बैठक में दून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन नागलिया, महासचिव सुनील मेसोन, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष पंकज गुप्ता समेत अन्य एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद थे।