प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सैंपल जांच बढ़ी है। चार जिलों में संक्रमण की दर सबसे ज्यादा है। हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर जिले में संक्रमण दर में कमी आई है। वर्तमान में प्रदेश की संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत से 57 प्रतिशत अधिक है।
प्रदेश में पिछले 13 दिनों के भीतर 2.7 लाख सैंपल की जांच की गई। इसके आधार पर राज्य की संक्रमण दर 3.51 प्रतिशत है। जिसमें 7279 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ जिले की संक्रमण दर सबसे अधिक है। संक्रमण दर नैनीताल जिला पहले स्थान पर है। नैनीताल में 6.89 प्रतिशत है। इसी तरह अल्मोड़ा में 5.82 प्रतिशत, देहरादून जिले में 5.82 प्रतिशत, पिथौरागढ़ में 5.31 प्रतिशत है।
कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि 13 से 26 दिसंबर तक कोरोना संक्रमितों का अध्ययन करने पर पाया गया कि प्रदेश के चार जिलों में सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण की दर प्रदेश की औसत दर से ज्यादा है। वहीं, प्रदेश की संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत से 57 प्रतिशत अधिक है। हालांकि केरल, गोवा, हिमाचल प्रदेश से उत्तराखंड की संक्रमण दर कम है।
नैनीताल ऊधमसिंह नगर लोकसभा सांसद अजय भट्ट के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है। कोरोना संक्रमित होने के बाद वह नई दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती हुए थे। पिछले करीब दो सप्ताह से उनका एम्स में इलाज चल रहा है।
भट्ट के मुताबिक, उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार है। कोविड प्रोटोकॉल के मानकों पर स्वस्थ होते ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। उन्होंने एम्स प्रशासन की कोविड-19 के उपचार लिए सराहना की।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लगे हमारे कोरोना वॉरियर्स देवदूत से कम नहीं हैंष उन्होंने कहा कि वह स्वस्थ होते शीघ्र ही अपने लोकसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे और पूर्ववत सेवा कार्यों में जुट जाएंगे। भट्ट ने अपने सभी मित्रों और शुभचिंतकों का आभार भी जताया।