ऊधमसिंह नगर जिले के सभी कोविड अस्पतालों की निगरानी के लिए अब एसडीआरएफ तैनात कर दी गई है। फ्रंट लाइन ड्यूटी करने वाले ये कर्मचारी पीड़ितों और उनके तीमारदारों की हरसंभव मदद करेंगे। इसके लिए एसडीआरएफ के कॉल सेंटर नंबर 9456596190 पर फोन कर मदद ली जा सकती है।
जिले में करीब 18 कोविड सेंटर हैं, जहां पर कोरोना संक्रमितों का इलाज किया जा रहा है। कोविड सेंटर में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को कई बार अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस अधिकारियों ने कोविड सेंटर की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से जारी रखने के लिए एसडीआरएफ कर्मी तैनात कर दिए हैं।
सभी कोविड सेंटर में दो-दो कर्मचारियों को भेजा गया है। एसडीआरएफ कर्मी कोरोना संक्रमितों को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए सभी प्रकार की मदद को तैयार रहेंगे। एसएसपी डीएस कुंवर ने बताया कि कोविड सेंटर व जिले की सीमाओं पर एक कंपनी आईआरबी व तीन कंपनी पीएसी तैनात हैं। कोविड सेंटरों की निगरानी के लिए अब एसडीआरएफ भी तैनात कर दी गई है।
वहीं, एसडीआरएफ के कुमाऊं मंडल प्रभारी, निरीक्षक गजेंद्र सिंह परवाल ने बताया कि कॉल सेंटर के माध्यम से ही जनपदवार कोविड मरीजों की स्थिति और कोरोना संक्रमण से बचाव का प्रशिक्षण भी एसडीआरएफ की ओर से किया जा रहा है।
कोरोना काल में लोगों की मदद के लिए एसडीआरएफ कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में काम कर रही है। होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड मरीजों को दवा पहुंचाने के साथ लावारिस शवों का अंतिम संस्कार भी किया जा रहा है। कोविड अस्पतालों में भी जवानों की डयूटी लगाई गई है।
- अजय भट्ट, उपसेनानायक, एसडीआरएफ, देहरादून