कोरोना संक्रमण काल के बीच शादी समारोह शुरू होने पर पुलिस ने नियमों का पालन कराने के लिए योजना तैयार कर ली है। रात आठ से एक बजे तक पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में गश्त कर शादी समारोहों पर विशेष नजर रखेगी। इस दौरान बिना मास्क के घूमने वालों के चालान काटे जाएंगे। अगर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो आयोजक के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
सीसीटीवी कैमरों पर भी होगी नजर
होटल, हॉल, धर्मशालाओं में होने वाले शादी समारोह में निर्धारित से ज्यादा लोग जुटने के मद्देनजर पुलिस की यहां लगे सीसीटीवी कैमरों पर भी नजर होगी। शादी समारोह में सीसीटीवी कैमरों की जांच कर पुलिस भीड़ का आकलन करेगी। अगर 200 से अधिक लोगों की संख्या पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।
शादी समारोह शुरू हो गए हैं। ऐसे में फिर से कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा है। नियमों का पालन करवाने के लिए पुलिस रात आठ से एक बजे तक विशेष निगरानी रखेगी। आयोजकों और हॉल, होटल मालिकों को नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
-एसके सिंह, एसपी देहात