अब बाजार में खादी के मास्क भी आ गए हैं। सिल्क और कॉटन में उपलब्ध यह मास्क आकर्षक और पहनने में बेहद आरामदायक है। इनकी कीमत 30 रुपये से 150 रुपये तक निर्धारित की है।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए खादी इंडिया भी देशभर में मास्क बना रही है। इससे स्वदेशी अभियान को भी बढ़ावा मिल रहा है। उत्तराखंड खादी ग्रामोद्योग ने भी कई संस्थाओं के साथ मिलकर खादी मास्क बनाने शुरू किए हैं। ये मास्क बाजार में खादी भंडार में उपलब्ध हैं।
लगातार मांग बढ़ने से विभागीय अधिकारी इसको लेकर खासे उत्साहित हैं। इन्हें कपड़ों से मैचिंग के अनुसार भी पहना जा सकता है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी डॉ. अलका पांडेय ने बताया कि खादी ग्रामोद्योग ने हजारों मास्क का उत्पादन किया है। इनकी मांग लगातार बढ़ रही है। सकारात्मक परिणाम मिलने पर इस योजना को विस्तार दिया जाएगा।
ऑनलाइन ऑर्डर सेवा भी उपलब्ध
देशभर में खादी इंडिया ने फेस मास्क की ऑनलाइन बिक्री शुरू की है। कई राज्यों में घर बैठे खादी मास्क मंगाने के लिए ऑनलाइन ऑर्डर कर सकते हैं। हालांकि, देहरादून में यह सेवा अभी शुरू नहीं हुई है। दून में खादी ग्रामोद्योग से जुड़ी कई संस्थाएं ऑनलाइन ऑर्डर की सुविधा दे रही हैं।