ज्वालापुर में रहने वाले अजित ने बताया कि 27 अप्रैल को उनकी बहन की शादी है। मेहमानों को निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके हैं। अब सरकार ने मेहमानों की संख्या सीमित कर दी है। इसके चलते शादी समारोह का कार्यक्रम मेहमानों को दिखाने के लिए लाइव स्ट्रीमिंग का सहारा लेना पड़ा रहा है। इसमें मेहमान शामिल हो सकेंगे और उनकी कोई नाराजगी भी नहीं रहेगी।
भूपतवाला के रहने वाले सुंदरपाल ने बताया कि उनके बेटे की एक मई को सगाई है। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली थीं। मगर अब मेहमानों को मना करना पड़ रहा है। ऐसे में उन्हें पूरा कार्यक्रम लाइव स्ट्रीमिंग के जरिये ही दिखाया जाएगा।
इस ऑनलाइन टेक्नोलॉजी के माध्यम से किसी भी कार्यक्रम को विडियो के माध्यम से प्रसारित किया जाता है। मीटिंग के लिए उपलब्ध अन्य एप की तरह ही लाइव स्ट्रीमिंग का भी लिंक भेजा जाता है। लिंक के माध्यम से लाइव स्ट्रीमिंग पर चल रहे कार्यक्रम से लोग जुड़ सकते हैं। कार्यक्रम को स्मार्टफोन, लैपटॉप, टेबलेट समेत अन्य डिवाइस में वीडियो देखने के साथ ही आडियो भी सुन सकते हैं। स्ट्रीमिंग कंटेंट में वीडियो, टीवी शो, मूवी, पॉडकास्ट आदि शामिल होते हैं।
बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते एक बार फिर से शादी समारोह में गिनती के मेहमानों की आमद होगी। ऐसे में दूरदराज रहने वाले मेहमानों को दिखाने के लिए लोगों ने अब लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की है। इसमें एक साथ 500 से अधिक मेहमान भी ऑनलाइन शादी का लुत्फ उठा सकेंगे। अब तक चार से अधिक शादियों में लाइव स्ट्रीमिंग का ऑर्डर मिल चुका है।
-चंद्रमोहन सचदेवा, बालाजी स्टूडियो, औद्योगिक क्षेत्र, हरिद्वार