रुद्रप्रयाग जिले में युवाओं का टीकाकरण मंगलवार से पुन: शुरू हो जाएगा। आज दोपहर तक स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन की 6000 डोज मिल जाएगी। हालांकि 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
जिले में 18 से 44 वर्ष तक के लगभग सवा लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जानी है। अभी तक सिर्फ 16 हजार को ही पहली डोज लग पाई है। सोमवार दोपहर को स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन की 6000 डोज प्राप्त हो जाएगी, जिसके बाद मंगलवार से जीआईसी रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जीजीआईसी अगस्त्यमुनि सहित दस केंद्रों पर टीकाकरण होगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विंधेश कुमार शुक्ला ने बताया कि बीते 27 मई को वैक्सीन खत्म हो गई थी, जिससे युवाओं का टीकाकरण नहीं हो रहा था। बताया कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के 89 फीसदी लोगों को पहली डोज लग चुकी है। जबकि 22 हजार को दूसरी डोज लगी है।
टिहरी जिले में युवाओं का टीका हुआ कम
टिहरी जिले में 18 से 44 आयु वर्ग के वैक्सीनेशन का संकट बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग के पास इस आयु वर्ग के वैक्सीनेशन के लिए सिर्फ 160 डोज ही उपलब्ध है। ऐसे में सोमवार (आज) से सिर्फ एक-दो केंद्रों पर ही वैक्सीनेशन होगा।
सीएमओ डा. सुमन आर्य ने बताया कि 18 से 44 आयु वर्ग के लिए सिर्फ 160 डोज ही उपलब्ध है। दो-तीन दिन के अंतर्गत वैक्सीन उपलब्ध होने पर फिर से सभी 11 केंद्रों पर वैक्सीनेशन का कार्य शुरू किया जाएगा। जिले में 18 से 44 आयु वर्ग में 15 हजार 133 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। 45 से अधिक आयु वर्ग में एक लाख 11 हजार लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।