मुख्यमंत्री ने माना कि कुंभ मेला के बाद सरकार के सामने चारधाम की चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को लेकर देशभर के लोगों में भारी उत्साह है। उन्हें पर्यटन विभाग से यह जानकारी मिली है कि बड़ी संख्या में पर्यटकों ने यात्रा के लिए बुकिंग कराई है। सरकार सभी सावधानियां बरतते हुए कुशलतापूर्वक यात्रा का संचालन कराएगी।
वनाग्नि नियंत्रण के हो रहे प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में वनाग्नि के भीषण होने पर वन विभाग के कर्मचारियों की छुट्टी रद कर दी गई। उन्हें तत्काल फील्ड पर उतरकर वनाग्नि रोकने के अभियान जुटने को कहा गया है। न्याय पंचायत स्तर तक लोगों का सहयोग लेने के आदेश दिए हैं। स्थानीय लोगों को आपदा से बचाव को लेकर एक किट दी जा रही है। मैंने गृह मंत्री से बात की। उन्होंने आश्वस्त किया और एक घंटे बाद फोन आया कि वनाग्नि रोकने के लिए दो चॉपर दे रहे हैं।
भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी कार्यकर्ताओं वाली पार्टी
मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का 41वां स्थापना दिवस प्रदेशभर में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय में भी स्थापना दिवस कार्यक्रम हुआ, जिसमें प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्र प्रेम व सेवा भाव के साथ जिस तरह हम आगे बढ़ रहे हैं वह सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी राजनीतिक दल के रूप में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है।
मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार ने कहा कि कभी दो सांसदों वाली पार्टी आज 300 से अधिक सांसदों के साथ देश में पूर्ण बहुमत की सरकार चला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक पार्टी नहीं है, बल्कि यह एक विचारधारा है, जिसे आज पूरा देश चाहता है। यह सबको साथ लेकर सबका विकास करने वाली और विश्वास जीतने वाली पार्टी बन गई है।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने 1980 से अब तक भाजपा के क्रमिक विकास पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान कोरोना काल के टीकाकरण में भी विश्व में सबसे आगे हैं। हम सब देश की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी जिस रूप में विश्व की सबसे बड़ी कार्यकर्ताओं की पार्टी बनकर उभरी है, उसके पीछे तमाम कार्यकर्ताओं का बलिदान है।
हम सबके लिए सौभाग्य है कि हम इस पार्टी के कार्यकर्ता हैं। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, डा. बालेश्वर पाल, ऋषिराज डबराल, विनय गोयल, कौस्तुबा नंद जोशी, विश्वास डाबर, अजेंद्र अजेय आदि मौजूद रहे।