उत्तराखंड फिल्म एसोसिएशन के अध्यक्ष एसपीएस नेगी का गुरुवार को निधन हो गया है। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद पिछले कुछ दिनों से उनका उपचार कैलाश अस्पताल में चल रहा था।
मूलतः रुद्रप्रयाग डिडोली गांव निवासी 62 वर्षीय नेगी करीब दो वर्ष पूर्व ओएनजीसी से सिक्योरिटी इंचार्ज के पद से रिटायर हुए थे। उससे पहले उन्होंने फौज में रहकर देश की सेवा की।
पिछली सरकार में वे फिल्म बोर्ड के सदस्य भी रहे। उत्तराखंड की फिल्म नीति बनाने में उनका अहम योगदान रहा। उनके निधन पर फिल्म और कला जगत से जुड़े तमाम लोगों ने शोक व्यक्त किया है।
मोरी एवं पुरोला क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज पुरोला के आठ छात्र-छात्राओं की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रशासन ने विद्यालय को अग्रिम आदेशों तक बंद करने के आदेश दिए हैं। जबकि मोरी ब्लाक के राजू गांव में पांच ग्रामीण कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन ने गांव को सील कर दिया है।
मोरी ब्लाक के राजू गांव में पांच ग्रामीणों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रशासन ने इस गांव को कंटेनमेंट जोन बनाकर सील कर दिया है। गांव में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति के लिए कर्मचारी तैनात कर यहां आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। बीते दिनों मोरी ब्लाक के मोताड़ गांव में भी सात कोरोना पॉजिटिव सामने आने पर प्रशासन ने इस गांव को भी कंटेनमेंट जोन बनाया है।
एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीज सामने आने पर कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी लोगों से कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए गाइड लाइन का पालन करने की अपील की।
इंटर कॉलेज देवाल के दो और छात्र संक्रमित
बृहस्पतिवार को इंटर कॉलेज देवाल के दो और छात्र संक्रमित मिले। राइंका देवाल में संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। पूर्व में 6 छात्र-छात्राएं संक्रमित मिले थे, जिसके बाद विद्यालय को तीन दिन के लिए बंद किया गया था। स्वास्थ्य विभाग के ललित जुयाल ने बताया कि दोनों संक्रमित छात्रों को होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है।
बीरोंखाल क्षेत्र में एक कोरोना संदिग्ध ब्लाक कर्मचारी की मौत हो गई है। इस पर ब्लाक कार्यालय को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है और सुरक्षा को देखते हुए कर्मचारियों को करोना जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में बृहस्पतिवार को 10 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
बीरोंखाल ब्लाक के कोरोना नोडल अधिकारी व खंड विकास अधिकारी आशाराम पंत ने बताया कि खंड कार्यालय में तैनात बुखार व जुकाम से पीड़ित कर्मचारी का गत मंगलवार को कोरोना सैंपल लिया गया था। रिपोर्ट आने से पहले बुधवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
उसे हंस अस्पताल सतपुली ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने पर उसे बेस अस्पताल कोटद्वार रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। कोरोना की गाइडलाइन के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया। ब्लाक कार्यालय को सैनिटाइज कर उसे तीन दिन के लिए बंद कर दिया है।