उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में छह और संक्रमित मरीजों की मौत हुई, जबकि 577 लोग संक्रमित मिले हैं। अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 83 हजार पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को 12837 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
आज देहरादून में 164, अल्मोड़ा 28, बागेश्वर 16, चमोली में 39, चम्पावत में 07, हरिद्वार में 39, नैनीताल में 88, पौड़ी गढ़वाल में 80, पिथौरागढ़ में 25, रुद्रप्रयाग में 11, टिहरी गढ़वाल में 24, ऊधमसिंहनगर और उत्तरकाशी में 28-28 मरीज मिले हैं।
यह भी पढ़ें:
Corona In Uttarakhand: कॉलेजों का फैसला, बाहरी छात्रों से लेंगे कोविड रिपोर्ट
प्रदेश में अभी तक 1361 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, वर्तमान में मृत्यु दर 1.64 प्रतिशत है। आज 707 और मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। इन्हें मिलाकर कुल 74525 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, कुल संक्रमितों की संख्या 83006 हो गई है।
कोरोना से स्वास्थ्य निदेशक के डॉक्टर पति की मौत
बीडी पांडे अस्पताल के पूर्व प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक कैप्टन डॉ. राजेश साह (61) का कोरोना संक्रमण के चलते सोमवार सुबह सुशीला तिवारी अस्पताल में निधन हो गया। डॉ. साह बेस अस्पताल में संविदा पर चेस्ट रोग फिजिशियन थे।
उत्तराखंड की स्वास्थ्य निदेशक डॉ. विनीता साह के पति डॉ. राजेश साह में 12 दिसंबर को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। 13 दिसंबर को उन्हें लक्षण महसूस हुए। सोमवार सुबह करीब आठ बजे उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब 15 मिनट बाद ही उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया गया कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया था, तब उनकी हालत बहुत गंभीर थी। उनके निधन के बाद चिकित्सा जगत में शोक की लहर छा गई। बेस अस्पताल में दोपहर 12 बजे ही ओपीडी बंद कर दी गई।