गैरसैंण में राइंका पज्याणाखाल में एक छात्र कोरोना पॉजिटिव मिलने पर विद्यालय को शुक्रवार तक बंद कर दिया गया है। संक्रमित छात्र को 10 दिनों के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया है। छात्र को घर में ही दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।
सीएचसी गैरसैंण के डॉ. राजेश गैड़ी ने कहा कि बुधवार को कॉलेज में रैपिड टेस्ट के दौरान एक छात्र कोरोना पॉजिटिव मिला। छात्र को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। 10 दिन के बाद उसका पुन: परीक्षण किया जाएगा।
बीईओ एमएस नेगी ने कहा कि राइंका पज्याणाखाल के कक्षों और पूरे परिसर को सैनिटाइज किया जाएगा। इसको देखते हुए शुक्रवार तक स्कूल बंद कर दिया गया है। इस दौरान फार्मेसिस्ट कमलेश नौटियाल, कविता नेगी, संतोष, मोहित, विमला आर्य और हरीश मौजूद थे।
टिहरी के बुजुर्ग की श्रीकोट में मौत
श्रीनगर में कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित टिहरी जिले के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। डॉक्टरों ने मौत की वजह संक्रमण के कारण हृदय एवं फेफड़ों का काम करना बंद बताया है। मेडिकल कॉलेज के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि 03 दिसंबर को टिहरी जिले के कांडीखाल क्षेत्र से 68 वर्षीय बुजुर्ग को बेस अस्पताल श्रीकोट लाया गया।
बुजुर्ग को सांस लेने में दिक्कत, कफ, सीने व बदन दर्द की शिकायत थी। रैपिड टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव आने पर उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। तबियत बिगड़ने पर 08 दिसंबर को उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया जहां रात में उन्होंने दम तोड़ दिया।
17 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
बुधवार को श्रीनगर क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के 17 मामले आए। वहीं, शहर में तीन दिन पूर्व मृत 80 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सिटी रिस्पांस टीम के डा. अनिल बिष्ट ने बताया कि टिहरी जिले की एक शिक्षिका, एनआईटी के एक कर्मचारी, बेस अस्पताल में भर्ती एक मरीज के दो तीमारदारों सहित 16 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इधर, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि बुधवार को बेस अस्पताल में 19 रैपिड टेस्ट किए गए, जिसमें एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।