देहरादून के डोईवाला के भानियावाला में कोरोना संक्रमित लोगों के पाए जाने पर क्षेत्र को पाबंद कर दिया गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इसके आदेश जारी किए।
डीएम ने बताया कि भानियावाला का वह हिस्सा, जिसके पूर्व में अवतार सिंह नेगी का मकान, पश्चिम में हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग, उत्तर में अवतार सिंह नेगी के आवास को जाने वाला मार्ग और दक्षिण में बरफ सिंह रावत का भवन मौजूद है, उसे कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने पर 189 लोगों के चालान किए गए।
डीएम के मुताबिक, फ्लाइट से 286 प्रवासी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जिन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के बाद क्वारंटीन किया गया। जबकि 192 लोग फ्लाइट से दूसरे राज्यों को रवाना हुए। आशा कार्यकर्ताओं ने 1914 लोगों का फॉलोअप किया।
इसके अलावा दूसरे राज्यों से पंहुचे 498 लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद क्वारंटीन किया गया। होम क्वारंटीन किए गए 5098 लोगों को फोन कर सर्विलांस किया गया। इसके अलावा 59 लोगों की काउंसिलिंग की गई। जून से अब तक 4336 लोगों की काउंसिलिंग की जा चुकी है।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने को होम्योपैथिक विभाग ने प्रदेश के नौ लाख लोगों को होम्योपैथिक दवा आर्सेनिक-एल्ब 30 बांटी है। होम्योपैथिक निदेशालय ने 21 अप्रैल से लेकर 23 अगस्त तक दवा वितरण की रिपोर्ट शासन को भेजी है।
होम्योपैथिक निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि आयुष मंत्रालय की गाइडलाइन के आधार पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने को आर्सेनिक एल्ब-30 दवा बांटी गई। प्रदेश के सभी जिलों में दवा वितरण का विशेष अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि अब तक नौ लाख से अधिक लोगों को दवा दी गई है। देहरादून में 1.67 लाख, हरिद्वार में 1.23 लाख, पौड़ी में 1.28 लाख लोगों को होम्योपैथिक दवा निशुल्क बांटी गई। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए होम्योपैथिक दवा काफी फायदेमंद है।