ख्यातिप्राप्त द दून स्कूल में चार और नए छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। लगभग दो हफ्ते में स्कूल के आठ छात्रों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। स्कूल प्रबंधन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए। सभी संक्रमित छात्रों को स्कूल में ही आइसोलेट किया गया। स्कूल प्रबंधन की ओर से उनकी देखभाल की जा रही है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि लगभग दो हफ्ते पहले द दून स्कूल के छात्र चंडीगढ़ से लौटे थे। जिन्हें नियमानुसार स्कूल में ही अलग कमरों में आइसोलेशन में रखा गया था। दो छात्रों की आरटीपीसीआर जांच में कोरोना की पुष्टि होने पर बाकी छात्रों और उनके संपर्क में आए स्टाफ की भी कोरोना जांच कराई गई। जिसमें दो और छात्रों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसी तरह अब बुधवार को तीन और बृहस्पतिवार को एक छात्र में कोरोना की पुष्टि हुई।
डॉ. दीक्षित ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि द दून स्कूल में संक्रमित मिले छात्रों की स्थिति सामान्य है। सभी छात्रों को स्कूल के ही आइसोलेशन कक्ष में रखा गया है। जहां पर स्कूल का मेडिकल स्टाफ भी छात्रों की देखभाल कर रहा है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर नजर रखे हुए है। विभाग संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है। वहीं इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
दीपावली समेत त्योहारी सीजन में कोरोना संक्रमण बढ़ने के आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग आरटीपीसीआर जांच का दायरा बढ़ाएगा। इसके लिए सीमाओं पर चेकिंग भी बढ़ाई जाएगी दीपावली के मद्देनजर अंतर्जनपदीय और अंतरराज्यीय आवागमन बढ़ने से विशेषज्ञ आशंका जता रहे हैं कि इससे कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से फैल सकता है।
ऐसे में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज उप्रेती ने त्योहारी सीजन में आरटीपीसीआर जांच का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मास्क न पहनने और शारीरिक दूरी का पालन न करने जैसी लापरवाही भारी पड़ सकती है। इसलिए कोई भी बुखार, सर्दी, खासी जुकाम, आंखों में लालिमा जैसे कोरोना के लक्षण नजर आने पर सीधे नजदीकी अस्पताल पहुंचकर योग्य डॉक्टर को दिखाएं। डॉक्टर की सलाह पर आरटीपीसीआर और अन्य जरूरी जांच कराएं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. राजीव कुमार दीक्षित ने बताया कि त्योहार में भीड़भाड़ बढ़ने से कोरोना संक्रमण भी तेजी से फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में ठीक से मास्क पहने, शारीरिक दूरी का पालन करें और भीड़भाड़ में अनावश्यक जाने से बचें। जिन लोगों ने अभी तक कोरोना टीके की दूसरी खुराक नहीं लगाई है वह समय पर इसे लगा लें। डॉ. दीक्षित ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए सीमाओं पर जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा।