प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 26 नए मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। वहीं, बुधवार को 14 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कोरोना के चार नए मामले अल्मोड़ा में, चंपावत और हरिद्वार में एक, देहरादून में सात, नैनीताल और पिथौरागढ़ में दो व ऊधमसिंह नगर जिले में नौ मामले सामने आए हैं। वहीं, अब प्रदेश में कोविड के 142 एक्टिव केस हैं, जिसमें सबसे ज्यादा संख्या 59 देहरादून की है।
उत्तराखंड में ओमिक्रॉन की दहशत: पर्यटक रद्द कर रहे बुकिंग, पर्यटन व्यवसायियों की बढ़ी चिंता
टीकाकरण के लिए मैदान में उतरेंगे नर्सिंग के छात्र
हरिद्वार जनपद में शत प्रतिशत टीकाकरण के लिए नर्सिंग छात्रों को मैदान में उतारा जा रहा है। जनपद में घर-घर जाकर टीकाकरण करने के लिए दो-दो छात्रों की 75 टीमें बनाई जा रही हैं। 17 से अभियान शुरू किया जाएगा, जो मध्य जनवरी तक चलेगा।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खौफ के चलते जिला प्रशासन जिले को शत प्रतिशत टीकाकरण करने के लिए प्रयास करने के लिए लगा हुआ है।
इसके लिए निरंतर टीकाकरण चलाने के साथ ही जिला प्रशासन विशेष अभियान का भी लक्ष्य रखकर चला रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन की ओर से 17 दिसंबर से विशेष टीकाकरण अभियान फिर से चलाया जा रहा है। इस टीकाकरण की खास बात यह रहेगी कि इसमें नर्सिंग छात्रों को लगाया जा रहा है। जनपद में बनाई गई टीम को प्रत्येक टीम को 12-12 सेशन करने होंगे।
प्रत्येक छात्र को एक दिन का पांच सौ रुपये मानदेय दिया जाएगा। लेकिन टीम में शामिल दोनों छात्रों को कम से कम एक दिन में सौ लोगों को टीकाकरण करना होगा। टीम में शामिल छात्रों को पहली और दूसरी डोज नहीं लगाने वालों की लिस्ट दी जाएगी। टीकाकरण की नोडल अधिकारी डॉ. कोमल सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के अलावा स्वास्थ्य विभाग का सामान्य दिनों की तरह चलने वाला टीकाकरण जारी रहेगा।
कोरोना की जांच के लिए बनाए तीन और सेंटर
कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग बेहद सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने हरिद्वार देहात क्षेत्र में तीन और नए कोरोना टेस्टिंग सेंटर बनाए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। रोजाना सेंटरों पर जांच की जा रही है। अब विभाग की ओर से कस्बे में कोरोना जांच बढ़ाने के लिए तीन नए सेंटर खोले गए हैं। इन सेंटरों पर रोजाना तीन से चार सौ लोगों की जांच की जा रही है।
वहीं, कोरोना टीकाकरण का काम भी जोरों पर चल रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कनिल वर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा। साथ ही यूपी बॉर्डर पर जांच के लिए दो टीमें और लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कोरोना की दूसरी डोज लगाने का शतप्रतिशत का लक्ष्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।