जनपद में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए उत्तराखंड महोत्सव पर चल रहे महा अभियान के तहत चौथे दिन गुरुवार को 10 हजार लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए, जो बुधवार से अधिक हैं। जनपदभर में 159 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे।
सरकार की ओर से दिसंबर में शत-प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें सामान्य दिनों में टीकाकरण चलने के साथ ही लगातार टीकाकरण अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इनमें दूसरी डोज का समय पूरा कर चुके लोगों के भी टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है, ताकि अगर कोरोना की तीसरी संभावित लहर आती भी है तो उससे भी जीता जा सके। इसको देखते हुए राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आठ नवंबर से उत्तराखंड महोत्सव के तहत साप्ताहिक टीकाकरण महा अभियान चल रहा है।
टीकाकरण अभियान में हर दिन 15 हजार लोगों को टीका करने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन चौथे दिन भी टीकाकरण का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। गुरुवार को 10 हजार लोगों को टीके लगे। हालांकि यह बुधवार को हुए 8500 टीकाकरण से डेढ़ हजार अधिक है, लेकिन लक्ष्य पूरा करने में अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं। टीकाकरण की नोडल अधिकारी डॉ. कोमल सिंह ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण करने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन लोग टीकाकरण कराने में अब ज्यादा उत्साह नहीं दिखा रहे हैं। फिर भी अन्य दिनों से टीकाकरण का आंकड़ा बेहतर है।