राजकीय मडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल में सैंपल देने वाले 13 लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। रविवार को भी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर व छात्र संक्रमित पाए गए हैं। प्राचार्य के निर्देशों के बाद यहां संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। साथ ही बेस अस्पताल को सैनिटाइज किया जा रहा है।
कोविड अस्पताल के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि पैथोलॉजी के सीनियर रेजीडेंट चिकित्सक, एनेस्थिसिया विभाग के जूनियर रेजीडेंट व एक इंटर्न डॉक्टर और दो एमबीबीएस छात्र-छात्राएं संक्रमित पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
वर्तमान में कोविड अस्पताल में सिर्फ एक संक्रमित भर्ती है। वहीं, राजकीय संयुक्त अस्पताल की एक नर्सिंग अफसर और उसके ससुर भी संक्रमित हो गए हैं। नर्सिंग अफसर के पति की रिपोर्ट एक दिन पूर्व पॉजिटिव आई थी।
कोटद्वार क्षेत्र में दो महिला चिकित्सकों सहित 19 लोग कोरोना संक्रमित
कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र और निकटवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों के संक्रमित होने का सिलसिला जारी है। जिला कोविड वॉर रूम से आई कोरोना रिपार्ट में बेस अस्पताल कोटद्वार के दो महिला चिकित्सकों समेत 19 लोग कोरोना संक्रमित आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर उनका कोरोना उपचार शुरू कर दिया है।
सीएमओ पौड़ी डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि नोएडा से शिवपुर आने वाला एक व्यक्ति और एक महिला, स्टेशन रोड कोटद्वार की एक महिला, दिल्ली से कोटद्वार आने वाले दो युवक, कोटद्वार बेस अस्पताल में कार्यरत दो महिला चिकित्सक, तड़ियालचौक क्षेत्र में एक व्यक्ति, लैंसडौन में एक व्यक्ति, नैनीडांडा क्षेत्र में एक वृद्धा, यमकेश्वर क्षेत्र में पांच महिलाएं और पांच व्यक्तियों की रविवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कोरोना महामारी की तीसरी लहर का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। रविवार को एक ही स्कूल में 55 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी बच्चों को होम आइसोलेट किया जा रहा है। साथ ही संक्रमण को रोकने के लिए स्कूल के पास कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेश आर्या ने बताया कि बीते सात जनवरी को नगर के एक स्कूल में टीकाकरण शिविर लगाया गया था, जहां 15 से 18 आयु वर्ग के करीब 352 बच्चों को टीके लगाए जाने थे। स्कूल पहुंचे 155 बच्चों को टीका लगने से पहले आरटीपीसीआर जांच की गई। रविवार दोपहर आरटीपीसीआर रिपोर्ट आने पर स्कूल के करीब 55 बच्चे कोरोना संक्रमित निकले हैं। हालांकि किसी भी छात्र में कोविड के गंभीर लक्षण नहीं थे।
ऋषिकेश: 20 पर्यटकों समेत 66 कोरोना पॉजिटिव
ऋषिकेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को यहां 20 पर्यटकों समेत 66 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमित मरीजों को आइसोलेट किया गया है। यमकेश्वर ब्लॉक के नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में 24 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें 20 पर्यटक दिल्ली, मुजफ्फरनगर, रुड़की और चार लोग तल्ला बणांस के शामिल हैं।