कोविड-19 से बचाव के लिए 16 जनवरी को देशव्यापी टीकाकरण अभियान के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को टीकाकरण से संबंधित सारी तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बर्ड फ्लू के मामले में भी विशेष एहतियात बरतने और स्वास्थ्य, पशुपालन और वन विभाग को परस्पर समन्वय से काम करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को प्रधानमंत्री के साथ आयोजित हुई मुख्यमंत्रियों की बैठक में भाग लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि टीकाकरण अभियान के पहले चरण में एक करोड़ स्वास्थ्य कर्मियों तथा दो करोड़ फ्रंटलाइन कर्मियों को यह वैक्सीन दी जाएगी। केंद्र सरकार के स्तर पर वैक्सीन खरीद कर राज्यों को निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद 50 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन उपलब्ध होगी। प्रधानमंत्री ने बर्ड फ्लू के दृष्टिगत भी सभी मुख्यमंत्रियों से इसके बचाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की अपेक्षा की।
प्रधानमंत्री के साथ आयोजित हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य में की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए राज्य स्तर पर टास्क फोर्स गठित हो जाए। सभी जिलों में कोल्ड चेन सिस्टम विकसित हो। वैक्सीन भंडारण एवं वितरण के लिए पर्याप्त स्थान की उपलब्धता के साथ आवश्यक मानव संसाधनों की व्यवस्था समय से पूरी करा ली जाए। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों, नर्सिंग एवं अन्य पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा है।
उन्होंने प्रदेश में बर्ड फ्लू के दृष्टिगत एहतियात बरतने के भी निर्देश दिए। उन्होंने इसकी रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के लिए पशुपालन, वन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। इस अवसर पर मुख्य सचिव ओम प्रकाश, सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी, प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय भी उपस्थित थे।