वहीं होली और झंडा मेला आयोजन को लेकर जिला प्रशासन गाइडलाइन जारी होने का इंतजार कर रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के स्तर से जारी होने वाले निर्देशों के अनुसार ही आयोजन पर फैसला लिया जाएगा। प्रशासन अपनी ओर से कोविड सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक उपाय कर रहा है।
उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में दो सबसे बड़े आयोजन होली और झंडा मेला है। इसमें बड़ी संख्या में लोग एकत्र होते हैं और एक-दूसरे से मिलते हैं। विशेषकर झंडा मेले में बड़ी संख्या में अन्य राज्यों के लोग शामिल होते हैं।
पंजाब में इस वक्त कोरोना के मामले बहुत अधिक बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन को लेकर आयोजकों से भी बातचीत की जा रही है। कोरोना संकट को देखते हुए प्रशासन अधिकतम एहतियात बरत रहा है, ताकि नए मामलों को बढ़ने से रोका जा सके।
जिलाधिकारी डा. श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार व मंगलवार और गुरुवार व शुक्रवार को जनता उनसे मुलाकात कर सकती है। उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े दस से दोपहर डेढ़ बजे तक का समय जनता से मुलाकात के लिए निर्धारित किया गया है।
इस दौरान लोग अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। बुधवार को कोर्ट होने के कारण उस दिन जनता से मुलाकात नहीं होगी।
केवल कुंभ वालों को लानी होगी रिपोर्ट
जिलाधिकारी डा. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि केवल बाहरी स्थानों से कुंभ क्षेत्र में आने वालों को ही कोविड की निगेटिव रिपोर्ट लेकर आनी होगी। उन्होंने बताया कि कुंभ क्षेत्र में जिले का ऋषिकेश क्षेत्र भी शामिल है।
यहां से रोजाना अन्य जगह आवाजाही करने वालों के लिए इसकी अनिवार्यता नहीं रहेगी। हालांकि किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर जांच करानी होगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को रिपोर्ट को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है।