भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने विपक्ष को संयम बरतने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न टीके की कमी है न ही संसाधनों का अभाव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में टीकाकरण अभियान सतत रूप से जारी है। सरकार कोरोना की चेन को तोड़ने में जुटी है। साधन और संसाधनों में लगातार वृद्धि कर रही है। इससे निश्चित तौर पर हम कोरोना के खिलाफ जंग जीत जाएंगे।
कौशिक ने कहा कि 45 से अधिक आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण चल रहा है और केंद्र से अतिरिक्त तीन लाख 20 हजार डोज भी मिल चुकी हैं। जिनमें दोे लाख सोमवार को एक लाख 20 हजार मंगलवार को प्राप्त हुई हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने 18 से 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को निशुल्क टीका लगाने की घोषणा की है। इनके टीकाकरण के लिए वैक्सीन खरीद की प्रक्रिया जारी है।
उनके टीकाकरण अभियान भी शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। कौशिक ने कहा कि भाजपा संगठन की ओर से भी सभी जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और कार्यकर्ता हर जरूरतमंद तक दवा और राशन, भोजन मुहैया करा रहा है। उन्होंने विपक्ष को भी महामारी के समय में संयम रखने की नसीहत दी।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के भ्रामक दुष्प्रचार से आम लोगों के बीच भय का वातावरण बनेगा। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और विपक्ष को साथ आकर जरूरतमंदों को राहत देने और उनकी मदद के लिए हाथ बंटाने की जरूरत है। कहा कि सरकार ने एक माह में 500 आईसीयू बेड बढ़ाए हैं। प्रदेश में वेंटीलेटर की संख्या 842 पहुंच चुकी है। ऑक्सीजन बेड की संख्या 6002 पहुंच चुकी है। कहा कि वर्तमान में ऑक्सीजन सिलिंडर की संख्या 9917 पहुंच गई है।