कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने को सरकार को हर दिन 66157 वैक्सीन डोज लगानी होंगी। सरकार ने दिसंबर तक टीकाकरण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए अब सरकार व स्वास्थ्य विभाग के पास 160 दिन का समय बाकी है।
उत्तराखंड में कोविड वैक्सीनेशन के लक्ष्य के चुनौती पिछले 10 दिनों में और बढ़ गई है। राज्य को अब 31 दिसंबर तक वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल करने के लिए हर रोज 66 हजार से ज्यादा लोगों को वैक्सीन देनी होगी। 10 दिन पहले यह चुनौती हर दिन करीब 65 हजार वैक्सीन डोज की थी।
सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन ने 10 दिन पहले उत्तराखंड वैक्सीनेशन मीटर जारी किया था। 10 दिन बाद वैक्सीनेशन मीटर को अपडेट किया है। फाउंडेशन ने हर 10 दिन में वैक्सीनेशन मीटर अपडेट करके आम लोगों को वैक्सीनेशन संबंधी ताजा जानकारी देने की घोषणा की है।
सरकार की घोषणा के अनुसार 18 वर्ष के अधिक उम्र के सभी लोगों का वैक्सीनेशन पूरा करने केे लिए 160 दिन बाकी रह गए हैं तो यह चुनौती और ज्यादा बढ़ गई है। बीते 10 दिनों में यानी 15 से 24 जुलाई तक राज्य में 497594 वैक्सीन डोज दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में कोविड वैक्सीन की जरूरत वाले 18 से 44 वर्ष के लोगों 49.34 लाख और 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों की संख्या 27.95 लाख से अधिक है। इसके अलावा राज्य में पंजीकृत हेल्थ केयर वर्कर्स की संख्या 128002 और फ्रंटलाइन वर्कर्स की संख्या 193216 है। राज्य में कुल 80,50,684 लोगों का वैक्सीनेशन किया जाना है। हर व्यक्ति को दो डोज के हिसाब में राज्य में वैक्सीन की कुल 1.61 करोड़ डोज दी जानी हैं।
24 जुलाई तक हुई वैक्सीनेशन के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक 42 लाख से अधिक लोगों को पहली डोज और 13.12 लाख से अधिक लोगों को दोनों डोज दी जा चुकी हैं। अब तक कुल 55.16 से अधिक लोगों डोज वैक्सीन दी गई है। 31 दिसंबर के लिए अब 160 दिन बाकी हैं। इस तरह से अब हर रोज 66,157 डोज देने की जरूरत है।