मुख्यमंत्री ने कॉर्बेट में 50 महिला जिप्सी चालकों की भर्ती करने की घोषणा की थी। अब कॉर्बेट पार्क प्रशासन ने महिला जिप्सी चालकों की भर्ती की विज्ञप्ति जारी की है। कॉर्बेट के पास जिप्सी चालकों के लिए आवेदन आने शुरू हो गए हैं। अगले पर्यटन सत्र अक्तूबर से महिला जिप्सी चालक कॉर्बेट पार्क में पर्यटकों घुमाते हुए नजर आएंगी।
पार्क वार्डन आरके तिवारी ने बताया कि राज्य में वन संरक्षण एवं संवर्धन में राज्य की महिलाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। इसे रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।
इसके लिए कॉर्बेट प्रशासन ने 50 महिला जिप्सी चालकों की भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। कई आवेदन मिलने शुरू हो गए हैं। ये भी प्रावधान किया गया है कि जो भी महिलाएं इसमें चयनित होंगी, उनको यदि वाहन चलाना नहीं आता तो उन्हें वाहन चलाने का प्रशिक्षण भी कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ओर से दिया जाएगा।