डाकपत्थर स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय में धक्का-मुक्की करते ठेकेदार।
- फोटो : VIKAS NAGAR
डाकपत्थर स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय पर टेंडर डालने को लेकर ठेकेदारों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामाल शांत कराया। उधर एक ठेकेदार ने डाकपत्थर पुलिस चौकी में तहरीर देकर दूसरे पक्ष के विरुद्ध टेंडर पेपर छीनकर भाग जाने का आरोप लगाया है। सिंचाई विभाग के अधिकारी घटना की जांच की बात कर रहे हैं।
डाकपत्थर स्थित सिंचाई विभाग के आइसीडी कार्यालय पर सिंचाई नहरों के निर्माण व बाढ़ सुरक्षा के कार्यों के तीन टेंडर डाले जाने थे। लेकिन टेंडर डालने की इस प्रक्रिया के दौरान एक ठेकेदार के टेंडर डालने को लेकर ठेकेदारों के बीच धक्का मुक्की हो गई। इसी बीच कोई ठेकेदार टेंडर डालने आए ठेकेदार के हाथ से टेंडर के कागजात छीनकर फरार हो गया। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों को शांत कराया। सिंचाई विभाग के कार्यायल मेें हुए हंगामे के बारे में पूछे जाने पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आरएस गुंसाई ने कहा घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे। लेकिन मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर विवेक भद्री नामक एक ठेकेदार ने डाकपत्थर पुलिस चौकी को तहरीर देकर टेंडर छीनकर ले जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। विकासनगर कोतवाल रविंद्र शाह का कहना है चेकिंग में होने के कारण अभी तहरीर के बारे में उन्हें जानकारी नहीं मिली है। घटना की जांच करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।