त्योहार के नजदीक आते ही रेलवे स्टेशन पर दलालों की सक्रियता अचानक बढ़ गई है। इन दिनों हर रोज टैक्स चुकाए बिना लाखों का माल पार किया जा रहा है।
टैक्स चुकाए बिना मंगाया जा रहा सामान
रात होते ही चोर रास्तों से सामान निकालकर ठिकानों पर पहुंचाया जा रहा है। दीपावली के चलते इन दिनों व्यापारी ट्रेनों से सामान मंगा रहे हैं। अधिकतर सामान टैक्स चुकाए बिना मंगाया जा रहा है।
इसे दलालों के जरिये स्टेशन से निकाला जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि सोमवार को भी नई दिल्ली से आने वाली मसूरी एक्सप्रेस से 75 नग सामान ऐसा उतरा जिसका टैक्स नहीं चुकाया गया था। यह सामान दून के दो व्यापारियों का बताया जा रहा है।
दलालों ने सोमवार दोपहर यह सारा सामान बाहर निकाल लिया, लेकिन वाणिज्य कर विभाग की टीम ने इसे रोकने की जहमत नहीं उठाई। बताया जा रहा है कि दलालों ने सिंघल मंडी और रेस्ट कैंप की तरफ खुले रास्तों से सामान बाहर निकाला।
सूत्र बताते हैं कि जिस तरह टैक्स चोरी की जा रही है, वह रेलवे और वाणिज्य कर विभाग की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है।
स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल का कहना है कि रेलवे सिर्फ यह देखता है कि जो सामान आया है, उसका किराया चुकाया गया है या नहीं। इस पर टैक्स लगना है या नहीं, यह तय करना रेलवे का काम नहीं है।