congress minister yahspal arya angry on harish rawat
राज्यसभा चुनाव में प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक फ्रंट (पीडीएफ) के प्रत्याशी उतारने के निर्णय से उत्तराखंड की हरीश रावत सरकार पर गहराया संकट रविवार को उनकी कैबिनेट के एक और मंत्री यशपाल आर्य की नाराजगी से और बढ़ गया है।
पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा को उनकी जगह प्रत्याशी घोषित करने से गुस्साए आर्य कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी कर सकते हैं। सीएम ने आर्य को मनाने के लिए गृह मंत्री प्रीतम सिंह को जिम्मेदारी दी है। प्रीतम ही आर्य को उनके गृह जनपद से हेलीकॉप्टर में देहरादून लाए।
बीजापुर मुख्यमंत्री आवास पर सीएम की आर्य से बातचीत तो हुई लेकिन उनकी नाराजगी अभी दूर नहीं हुई है। उधर, पीडीएफ के कांग्रेस के पक्ष में रोलबैक की कोशिशें भी सिरे नहीं चढ़ रही जिससे कांग्रेस की राज्यसभा चुनाव में चुनौती बढ़ती दिख रही है।
पीडीएफ से मंत्री दिनेश धनै के राज्यसभा का प्रत्याशी बनने के बाद सीएम को मंत्री यशपाल आर्य ने झटका दे दिया। कांग्रेस आलाकमान की सूची दिल्ली से जारी होते ही यशपाल आर्य ने अपनी नाराजगी जता दी। शनिवार को सीएम ने मंत्री प्रीतम सिंह को बुलाकर आर्य से बातचीत का जिम्मा सौंपा।