सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का लगाया आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सत्तारूढ़ दल पर उप चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी ने पिछले तीन दिनों में दो जगह चुनाव कार्यालय खोला था, जिसे भाजपा ने बंद करवा दिया। इन दोनों कार्यालयों को खोलने के लिए निर्वाचन कार्यालय से अनुमति ली गई थी। आरोप है कि जिन लोगों के प्रतिष्ठान, घर पर यह कार्यालय खोले गए थे, उन्हें सत्ता पक्ष के नेताओं की ओर से तमाम तरह से धमकाया गया।
ये भी पढ़ें...Uttrakhand: रुड़की रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, आतंकी संगठन ने भेजा पत्र, खौफ के बीच ट्रेनों को खंगाला, तस्वीरें
भाजपा दहशत में लड़ रही चंपावत उपचुनाव : माहरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने शनिवार को कहा कि चंपावत उपचुनाव भाजपा दहशत में लड़ रही है। उन्होंने कहा कि बनबसा में कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी का चुनाव कार्यालय दूसरी बार भी नहीं खोलने दिया गया। भाजपा व प्रशासन दबाव में काम कर रहे हैं। लोकतंत्र की हत्या जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चारधाम यात्रा का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। यात्रा के 19 दिन में ही 56 लोगों की मौत हो चुकी हैं। ऑलवेदर रोड की खस्ताहालत है। स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा रहीं हैं। डॉक्टरों का अभाव है। मार्ग में शौचालय, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाओं का टोटा है।
उपचुनाव धन और बाहुबल के आधार पर लड़ा जा रहा
अध्यक्ष माहरा ने कहा कि चंपावत उपचुनाव धन और बाहुबल के आधार पर लड़ा जा रहा है। यहां के हालात को आम मतदाता समझने लगा है। भाजपा घबराहट में है। आम मतदाता डीजल, पेट्रोल, तेल, किराया, रसोई गैस, बेरोजगारी आदि से त्रस्त है। मतदाता कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। इसके बाद अध्यक्ष करन माहरा चंपावत के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष बॉबी राठौर, महिला जिलाध्यक्ष रेखा सोनकर, प्रदेश उपाध्यक्ष मीरा सोनकर, नगर अध्यक्ष रवीश भटनागर, देवेंद्र कन्याल, राजू सोनकर, दिगंबर गुप्ता, राज किशोर सक्सेना, नरेंद्र आर्य, ताहिर, कृष्णा नेगी आदि थे।